गाँव मंच डेस्क जयपुर, 13 फरवरी। जयपुर में भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा बजट युवा संवाद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार समिति के सदस्य गौरव वल्लभ, विशिष्ट अतिथि राजस्थान के गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शंकर गोरा और भाजपा जयपुर शहर अध्यक्ष अमित गोयल उपस्थित रहे।
मंच संचालन भाजयुमो प्रदेश महामंत्री राजकुमार बिवाल ने किया। इसके अलावा, भाजयुमो जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह पुरुवंशी और प्रदेश मंत्री रामकेश मीणा भी मंचासीन रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया।

गौरव वल्लभ ने राजस्थान में मोडिनॉमिक्स का मॉडल प्रस्तुत किया
मुख्य अतिथि गौरव वल्लभ ने बजट और आर्थिक मॉडल पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने बताया कि राजस्थान की जीडीपी पिछले तीन वर्षों में 41.3 प्रतिशत बढ़ी है और आज राज्य की अर्थव्यवस्था 21 लाख करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि भारत की UPI तकनीक 30 से अधिक देशों में इस्तेमाल हो रही है, जो डिजिटल क्रांति और आर्थिक साख का प्रमाण है।
गौरव वल्लभ ने मुद्रा योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि करोड़ों लोग हैंडहोल्डिंग के माध्यम से लाभान्वित हुए और 27 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। उन्होंने बताया कि राजस्थान सरकार ने इसी मॉडल को अपनाते हुए राज्य में विकास को गति दी है।
उन्होंने स्टेट टेस्टिंग एजेंसी के गठन को ऐतिहासिक निर्णय बताया। इसके जरिए भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी होगी, पेपर लीक पर रोक लगेगी और योग्य उम्मीदवारों को RAS, इंस्पेक्टर, पटवारी और अन्य सरकारी नौकरियों में निष्पक्ष अवसर मिलेंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि 400 सीएम राइज स्कूलों के लिए ₹1000 करोड़ का प्रावधान किया गया है। इन स्कूलों में विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी। AI लैब्स के लिए ₹500 करोड़ का बजट आवंटित किया गया है, जिससे विद्यार्थी भविष्य की तकनीकों से जुड़ सकेंगे।

बजट में युवाओं और MSME सेक्टर पर विशेष ध्यान
गौरव वल्लभ ने कहा कि देश में 100 से अधिक यूनिकॉर्न स्टार्टअप्स हैं और प्रधानमंत्री MSME सेक्टर को मजबूत करने पर फोकस कर रहे हैं। राजस्थान सरकार ने MSME, हैंडीक्राफ्ट्स और पर्यटन जैसे क्षेत्रों को प्रोत्साहन देने के लिए विशेष प्रावधान किए हैं।
उन्होंने बताया कि सेमीकंडक्टर मिशन तेजी से आगे बढ़ रहा है। राजस्थान बजट का 71 प्रतिशत विकास कार्यों पर खर्च हो रहा है और फिस्कल डेफिसिट कम हुआ है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और युवाओं से आग्रह किया कि बजट की जनहितकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुँचाएँ।
गृह राज्य मंत्री ने युवाओं पर फोकस का महत्व बताया
गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कहा कि भारत की 65% आबादी युवा है। इसलिए बजट का फोकस युवाओं पर होना स्वाभाविक है। उन्होंने अंत्योदय के सिद्धांत पर आधारित बजट को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने की प्रतिबद्धता दोहराई और प्रदेश विकास के 10 स्तंभों का उल्लेख किया।

भाजयुमो अध्यक्ष ने रोजगार और निवेश पर प्रकाश डाला
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शंकर गोरा ने बताया कि भाजपा सरकार बनने के बाद राजस्थान में 1 लाख से अधिक नौकरियां दी गई हैं और कोई पेपर लीक की घटना नहीं हुई। उन्होंने बताया कि राइजिंग राजस्थान जैसे आयोजनों से निवेश और रोजगार के नए अवसर बने हैं। इस बजट में युवाओं को 10 लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण देने की घोषणा की गई है।
कार्यक्रम का समापन
कार्यक्रम के अंत में युवाओं ने खुले मंच से प्रश्न पूछे। सभी अतिथियों ने विस्तार से उनका उत्तर दिया। समापन पर भाजपा जयपुर शहर अध्यक्ष अमित गोयल ने उपस्थित सभी अतिथियों और कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया। उन्होंने सभी से आवाहन किया कि जयपुर शहर की भाजपा टीम बजट की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर पूरे शहर में पहुँचाए।
राजस्थान में पंचायतों, ग्राम सभाओं और ग्रामीण योजनाओं से जुड़ी ताज़ा खबरें गाँव मंच के पंचायत सेक्शन में भी उपलब्ध हैं।


