गावं मंच डेस्क, जयपुर 06 मई | राजस्थान में किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। दो ब्लॉक बिजली सप्लाई योजना के तहत अजमेर डिस्कॉम जल्द ही प्रदेश का पहला ऐसा विद्युत वितरण निगम बनने जा रहा है, जहां सभी जिलों में कृषि उपभोक्ताओं को दिन के समय दो ब्लॉक में बिजली मिल सकेगी।
फिलहाल अजमेर डिस्कॉम के नागौर और चित्तौड़गढ़ को छोड़कर बाकी सभी जिलों में किसानों को यह सुविधा दी जा रही है। राज्य सरकार ने वर्ष 2027 तक किसानों को दिन में दो ब्लॉक में बिजली उपलब्ध कराने का लक्ष्य तय किया है।
ऊर्जा विभाग ने की समीक्षा बैठक
ऊर्जा विभाग की शासन सचिव और डिस्कॉम्स चेयरमैन आरती डोगरा ने विद्युत भवन में समीक्षा बैठक की। बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित हुई। इसमें अजमेर और जोधपुर डिस्कॉम, प्रसारण निगम और जयपुर डिस्कॉम के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में ग्रिड सब स्टेशनों के निर्माण, ट्रांसमिशन क्षमता बढ़ाने और दो ब्लॉक बिजली सप्लाई में आ रही बाधाओं को दूर करने पर चर्चा की गई।

नागौर में जून तक पूरे होंगे काम
ऊर्जा विभाग ने निर्देश दिए कि नागौर सर्किल में 220 केवी ग्रिड सब स्टेशन निर्माण और संबंधित ट्रांसमिशन कार्य जून तक पूरे किए जाएं।
नागौर जिले में बिरलोका 220 केवी जीएसएस का निर्माण जारी है। इसके पूरा होने के बाद 33 केवी के चार सब स्टेशनों से दो ब्लॉक बिजली सप्लाई दी जा सकेगी।
इसके अलावा डेह, करनू, डेउ और कुरची क्षेत्रों में भी ट्रांसमिशन क्षमता बढ़ाई जा रही है। इससे किसानों को तीन ब्लॉक की बजाय दो ब्लॉक में बिजली उपलब्ध कराई जा सकेगी।
चित्तौड़गढ़ में भी होगा नेटवर्क मजबूत
चित्तौड़गढ़ जिले में भी दो ब्लॉक बिजली सप्लाई के लिए ओएंडएम और ट्रांसमिशन नेटवर्क को मजबूत किया जा रहा है।
ऊर्जा सचिव ने जयपुर और जोधपुर डिस्कॉम के अधिकारियों को भी आवश्यक कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
24 जिलों में मिल रही सुविधा
वर्तमान में राजस्थान के 41 में से 24 जिलों में किसानों को दो ब्लॉक बिजली सप्लाई दी जा रही है।
अजमेर डिस्कॉम के अजमेर, ब्यावर, भीलवाड़ा, डीडवाना-कुचामन, उदयपुर, सलूंबर, प्रतापगढ़, बांसवाड़ा, राजसमंद, डूंगरपुर, सीकर और झुंझुनूं जिलों में यह सुविधा लागू है।
जयपुर डिस्कॉम के धौलपुर, बूंदी, कोटा, झालावाड़, जयपुर, डीग, भरतपुर, दौसा और करौली जिलों में भी किसानों को दिन में बिजली दी जा रही है।
इसके अलावा जोधपुर डिस्कॉम के जालोर, सिरोही और पाली जिलों में भी दो ब्लॉक बिजली सप्लाई शुरू हो चुकी है।
किसानों को मिलेगा बड़ा लाभ
विशेषज्ञों के अनुसार दिन में बिजली मिलने से किसानों को सिंचाई कार्य में आसानी होगी। साथ ही रात में खेतों में जाने की जरूरत कम होगी। इससे सुरक्षा और उत्पादन दोनों में फायदा मिलेगा।
राज्य सरकार का मानना है कि बेहतर बिजली व्यवस्था से कृषि क्षेत्र को नई मजबूती मिलेगी।
- राजस्थान डिस्कॉम की बिजली योजनाओं की जानकारी यहां देखें:
Rajasthan Discoms Official Website - किसानों के लिए बिजली और ऊर्जा योजनाओं की अपडेट पढ़ें:
Rajasthan Energy Department - राजस्थान सरकार की आधिकारिक योजनाएं और घोषणाएं यहां देखें:
Rajasthan Government Portal - बिजली सप्लाई और कृषि योजनाओं से जुड़ी खबरें पढ़ें:
Jaipur Vidyut Vitran Nigam
राजस्थान में पंचायतों, ग्राम सभाओं और ग्रामीण योजनाओं से जुड़ी ताज़ा खबरें गाँव मंच के किसान सेक्शन में भी उपलब्ध हैं।
नोट:- यह विचार लेखक पत्रकार अंकित तिवारी Ankit Tiwari के है।


