अजमेर, 11 मई। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को अजमेर जिले के कड़ेल गांव में सुबह की सैर के दौरान ग्रामीणों के बीच पहुंचकर जनसंवाद का एक प्रेरक उदाहरण पेश किया। भजनलाल शर्मा अजमेर दौरा के दूसरे दिन सुबह गांव की गलियों में पैदल भ्रमण करते नजर आए, जिससे ग्रामीण अपने बीच मुख्यमंत्री को पाकर उत्साहित हो उठे।
ग्रामीणों से आत्मीय संवाद और योजनाओं का फीडबैक
मुख्यमंत्री ने गांव की गलियों में घूमते हुए बुजुर्गों, महिलाओं, किसानों और युवाओं से बातचीत की। उन्होंने राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन का फीडबैक लिया और आमजन की समस्याओं को सुना। मुख्यमंत्री ने बच्चों से उनकी पढ़ाई की जानकारी ली और उन्हें चॉकलेट भी वितरित की।

किसानों को आधुनिक कृषि के लिए किया प्रेरित
भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय किसानों के साथ गुलाब, आंवला और प्याज जैसी पारंपरिक खेती पर चर्चा की। उन्होंने किसानों को वैज्ञानिक और नवाचार आधारित कृषि तकनीक अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि उन्नत पद्धतियों से उत्पादन और आय में वृद्धि संभव है। मुख्यमंत्री ने कड़ेल के प्राचीन शेषनाग भगवान मंदिर में दर्शन कर प्रदेश की खुशहाली की कामना भी की।
मौके पर ही समाधान और बड़ी घोषणाएं
ग्रामीणों की मांग और समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए मुख्यमंत्री ने मौके पर ही कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए:
- कड़ेल के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में क्रमोन्नत करने की घोषणा की।
- परिवहन सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए गांव में अतिरिक्त बस संचालन के निर्देश दिए।
- स्थानीय बालिका विद्यालय की चारदीवारी निर्माण के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।
लंबित राजस्व प्रकरणों के निस्तारण के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को गांव में लंबित राजस्व प्रकरणों के लिए विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व वादों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत सहित अन्य जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
- राजस्थान सरकार की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय, राजस्थान की वेबसाइट देखें।
- स्वास्थ्य विभाग की नई गाइडलाइन्स के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग पोर्टल पर विजिट करें।
राजस्थान में पंचायतों, ग्राम सभाओं और ग्रामीण योजनाओं से जुड़ी ताज़ा खबरें गाँव मंच के पंचायत सेक्शन में भी उपलब्ध हैं।
नोट:- यह विचार लेखक पत्रकार अंकित तिवारी Ankit Tiwari के है।


