गांव मंच डेस्क,राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास पर पचपदरा रिफाइनरी परियोजना की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में एचआरआरएल (HPCL Rajasthan Refinery Limited) के प्रतिनिधियों ने परियोजना की वर्तमान स्थिति की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
राज्य की सबसे बड़ी औद्योगिक परियोजनाओं में शामिल
पचपदरा रिफाइनरी राजस्थान के बालोतरा जिले में विकसित हो रही है। यह देश की प्रमुख रिफाइनरी-कम-पेट्रोकेमिकल परियोजनाओं में गिनी जाती है। यह परियोजना एचपीसीएल और राजस्थान सरकार का संयुक्त उपक्रम है। इसमें एचपीसीएल की 74 प्रतिशत हिस्सेदारी है। वहीं, राजस्थान सरकार की 26 प्रतिशत हिस्सेदारी है। परियोजना की कुल लागत अब बढ़कर लगभग 79,459 करोड़ रुपये हो चुकी है।

ऊर्जा और पेट्रोकेमिकल क्षेत्र को मिलेगा बड़ा बल
रिफाइनरी की क्षमता 9 मिलियन मीट्रिक टन प्रतिवर्ष है। इसके साथ 2.4 मिलियन मीट्रिक टन पेट्रोकेमिकल उत्पादन क्षमता भी विकसित की गई है। यहां पेट्रोल, डीजल और एलपीजी जैसे उत्पाद तैयार होंगे। इसके अलावा पॉलीप्रोपाइलीन, एचडीपीई और एलएलडीपीई जैसे पेट्रोकेमिकल उत्पाद भी बनेंगे। इससे देश की आयात निर्भरता कम होगी। साथ ही ऊर्जा सुरक्षा को मजबूती मिलेगी।



Edited by– Ankit Tiwari


