जयपुर, 5 अक्टूबर 2026। राजस्थान की उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन, कला एवं संस्कृति मंत्री दिया कुमारी ने सोमवार को पर्यटन भवन, जयपुर में पर्यटन, कला-संस्कृति और पुरातत्व विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं परियोजनाओं की व्यापक समीक्षा की। बैठक में पर्यटन स्थलों के विकास, विरासत संरक्षण, पर्यटन निवेश, रोप-वे सुरक्षा और आगामी परियोजनाओं की प्रगति को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में राजस्थान धरोहर प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत, पर्यटन विभाग की शासन सचिव शुचि त्यागी, पर्यटन आयुक्त रुक्मणी रियाड़ सहित पुरातत्व, कला-संस्कृति और राजस्थान पर्यटन विकास निगम (RTDC) के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से विभागीय योजनाओं, महाराणा प्रताप सर्किट, आमेर मास्टर प्लान सहित प्रमुख परियोजनाओं, आगामी कार्य योजनाओं और बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन की वित्तीय एवं भौतिक प्रगति की जानकारी दी।

सिंगल विंडो क्लीयरेंस व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश
- दिया कुमारी ने पर्यटन क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा देने के लिए सिंगल विंडो क्लीयरेंस व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
- उन्होंने निर्देश दिए कि पर्यटन निवेशकों को एक ही प्लेटफॉर्म पर समयबद्ध तरीके से आवश्यक
- अनुमतियां मिल सकें, ताकि परियोजनाओं को शुरू करने में अनावश्यक देरी न हो।
- उन्होंने अधिकारियों से व्यवस्था को अधिक सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाने की दिशा में काम करने को कहा।
पर्यटन स्थलों पर रोप-वे सुरक्षा पर विशेष जोर
- समीक्षा बैठक में प्रदेश के धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर संचालित रोप-वे की सुरक्षा को भी प्रमुखता से उठाया गया।
- उपमुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सभी रोप-वे में पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता हो
- और सुरक्षा मानकों का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित किया जाए।
- उन्होंने पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा सुरक्षा, स्वच्छता
- और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर भी जोर दिया।
आमेर मास्टर प्लान की समीक्षा
- बैठक में आमेर मास्टर प्लान की प्रगति पर भी विस्तृत चर्चा हुई।
- केसर क्यारी से दिलाराम बाग तक क्षेत्र के समग्र विकास, दुकानों, रिसेप्शन, पार्किंग, बेंच और कोबल स्टोन पाथवे के संरक्षण
- एवं जीर्णोद्धार से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई।
- पर्यटन स्थल के विकास के साथ-साथ ऐतिहासिक विरासत की मूल संरचना और स्वरूप को सुरक्षित रखने पर भी चर्चा हुई।
परियों के बाग के सौंदर्यीकरण की समीक्षा
- परियों के बाग में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों की भी समीक्षा की गई।
- पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यहां गोल्फ कार्ट के संचालन को लेकर भी चर्चा हुई।
- इसका उद्देश्य पर्यटकों के लिए पर्यटन स्थल पर आवागमन को अधिक सुविधाजनक बनाना है।
एडवेंचर टूरिज्म पॉलिसी के ड्राफ्ट पर चर्चा
- बैठक में प्रस्तावित एडवेंचर टूरिज्म पॉलिसी को लेकर भी अधिकारियों से जानकारी ली गई।
- नई नीति का प्रारंभिक ड्राफ्ट तैयार किया जा चुका है।
- इसके साथ ही अन्य राज्यों की एडवेंचर टूरिज्म नीतियों का तुलनात्मक अध्ययन और इन्वेंट्री तैयार की गई है।
- नीति को अंतिम रूप देने से पहले विभिन्न हितधारकों और जिला कलेक्टरों से फीडबैक लेने की प्रक्रिया भी जारी है।
विरासत और सांस्कृतिक परियोजनाओं पर भी मंथन
- समीक्षा बैठक में बीकानेर अभिलेखागार में पब्लिक गैलरी, रवीन्द्र रंगमंच, जवाहर कला केंद्र (JKK) के शिल्पग्राम के पुनर्निर्माण
- और विरासत म्यूजियम से संबंधित कार्यों पर भी चर्चा की गई।
- इसके अलावा राजस्थान की विरासत, कला और संस्कृति से जुड़ी परियोजनाओं को बेहतर तरीके से विकसित करने तथा
- पर्यटकों के अनुभव को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।
OBMS पोर्टल का किया गया प्रस्तुतीकरण
- बैठक में DoIT द्वारा तैयार किए गए OBMS पोर्टल का विस्तृत प्रस्तुतीकरण भी दिया गया।
- डिजिटल माध्यमों के जरिए पर्यटन क्षेत्र से जुड़ी प्रक्रियाओं को अधिक सुविधाजनक और प्रभावी बनाने की दिशा में किए
- जा रहे प्रयासों की जानकारी अधिकारियों ने दी।
देश के प्रमुख शहरों में होंगे डोमेस्टिक रोड-शो
- बैठक में FICCI और FHTR के सहयोग से GITB के विस्तार के तहत देश के प्रमुख शहरों
- में डोमेस्टिक रोड-शो आयोजित किए जाने को लेकर भी चर्चा हुई।
- इन गतिविधियों का उद्देश्य राजस्थान को घरेलू पर्यटकों के बीच और अधिक प्रभावी तरीके से प्रमोट करना है।
छुट्टियों में पर्यटन स्थलों पर बढ़ी भीड़, अच्छे सीजन के संकेत
- मीडिया से बातचीत में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि बजट की सभी घोषणाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है।
- कई परियोजनाएं तैयार हैं और उनका जल्द उद्घाटन किया जाएगा।
- उन्होंने कहा कि तीन दिन की छुट्टियों के दौरान राजस्थान के पर्यटन स्थलों पर बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे हैं।
- इससे आगामी पर्यटन सीजन को लेकर अच्छे संकेत मिले हैं। उन्होंने बताया कि विदेशी पर्यटकों की संख्या में भी वृद्धि हुई है।
- दिया कुमारी के अनुसार वैश्विक भू-राजनीतिक परिस्थितियों और बढ़े हुए एयर फेयर के बावजूद पर्यटक राजस्थान का रुख कर रहे हैं।
- सरकार की ओर से पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधाओं में सुधार किया गया है।
- उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार राजस्थान में पिछले वर्ष की तुलना में अधिक पर्यटक आएंगे।
राजस्थान पर्यटन को मिल सकता है नया विस्तार
- पर्यटन विभाग की इस समीक्षा बैठक में पर्यटन अवसंरचना, विरासत संरक्षण, डिजिटल पहल, निवेश सुविधा
- और पर्यटक सुरक्षा को प्रमुख प्राथमिकताओं के रूप में सामने रखा गया।
- आमेर मास्टर प्लान से लेकर एडवेंचर टूरिज्म पॉलिसी और डोमेस्टिक रोड-शो तक की योजनाओं पर जोर राजस्थान के पर्यटन
- क्षेत्र को व्यापक स्तर पर मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अधिक जानकारी के लिए यहां क्लिक करें।
https://www.tourism.rajasthan.gov.in/
Edited by – Riddhima


