गाँव मंच डेस्क जयपुर, 21 जनवरी।
प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान महाभियान (पीएम-कुसुम योजना) के तहत शानदार उपलब्धि दर्ज करने पर राजस्थान के विद्युत वितरण निगमों (डिस्कॉम्स) को राष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान पीएम-कुसुम योजना के कम्पोनेंट-सी में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रदान किया गया।
दिल्ली में हुआ सम्मान समारोह
यह पुरस्कार दिल्ली के स्कोप ऑडिटोरियम में आयोजित ऑल इंडिया डिस्कॉम्स एसोसिएशन के वार्षिक सम्मान समारोह में केन्द्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल द्वारा प्रदान किया गया। समारोह में राजस्थान डिस्कॉम्स की अध्यक्ष आरती डोगरा ने यह सम्मान ग्रहण किया। इस अवसर पर केन्द्रीय विद्युत मंत्री ने राजस्थान डिस्कॉम्स के कार्यों की सराहना करते हुए टीम को बधाई दी।

पीएम-कुसुम योजना में राजस्थान बना अग्रणी राज्य
उल्लेखनीय है कि कृषि क्षेत्र को सौर ऊर्जा से जोड़ने के उद्देश्य से भारत सरकार द्वारा शुरू की गई पीएम-कुसुम योजना देश की एक महत्वपूर्ण पहल है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में बीते दो वर्षों के दौरान राजस्थान इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में अग्रणी राज्य के रूप में उभरा है।
राज्य में पीएम-कुसुम योजना के कम्पोनेंट-ए और कम्पोनेंट-सी के तहत अब तक कुल 2877 मेगावॉट क्षमता के 1307 विकेन्द्रित सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं, जिससे किसानों को स्वच्छ और सस्ती ऊर्जा उपलब्ध हो रही है।
फीडर लेवल सोलराइजेशन में भी अग्रणी
डिस्कॉम्स प्रबंधन के अनुसार, पीएम-कुसुम कम्पोनेंट-सी के अंतर्गत फीडर लेवल सोलराइजेशन में भी राजस्थान देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है। इसके तहत प्रदेश में 2333 मेगावॉट क्षमता के 899 सोलर प्लांट स्थापित किए जा चुके हैं।
इन परियोजनाओं के माध्यम से 1 लाख 41 हजार 589 किसानों को कृषि कार्यों के लिए दिन के समय बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं, चालू वर्ष के अंत तक कम्पोनेंट-सी के तहत 5018 मेगावॉट क्षमता के 1997 सोलर प्लांट स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे 3 लाख 62 हजार 197 किसानों को सौर ऊर्जा से जोड़ा जा सकेगा।
ऊर्जा क्षेत्र के दिग्गज रहे मौजूद
सम्मान समारोह में विद्युत मंत्रालय के सचिव पंकज अग्रवाल, मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी, ऑल इंडिया डिस्कॉम्स एसोसिएशन के महानिदेशक आलोक कुमार, अध्यक्ष लोकेश चन्द्रा सहित देश के विभिन्न राज्यों के विद्युत वितरण निगमों के वरिष्ठ अधिकारी और ऊर्जा क्षेत्र के विशेषज्ञ मौजूद रहे।
ऊर्जा मंत्री ने दी बधाई
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने इस उपलब्धि पर जयपुर, जोधपुर और अजमेर विद्युत वितरण निगमों के प्रबंधन और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मार्गदर्शन में राजस्थान ऊर्जा सरप्लस राज्य बनने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है और यह सम्मान उसी प्रयास का परिणाम है।
राजस्थान में पंचायतों, ग्राम सभाओं और ग्रामीण योजनाओं से जुड़ी ताज़ा खबरें गाँव मंच के पंचायत सेक्शन में भी उपलब्ध हैं।


