भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की दो दिवसीय नेशनल कॉन्फ्रेंस आज से
जयपुर।
देश की व्यापार और उद्योग नीतियों को लेकर गहन मंथन के उद्देश्य से भारतीय उद्योग व्यापार मंडल द्वारा एक राष्ट्रीय स्तर की दो दिवसीय कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जा रहा है। यह सम्मेलन शनिवार और रविवार को कॉन्स्टीट्यूशनल क्लब ऑफ राजस्थान, जयपुर में आयोजित होगा, जिसमें देश के विभिन्न प्रांतों से आए व्यापारी प्रतिनिधि और संगठन के पदाधिकारी हिस्सा लेंगे। सम्मेलन में वोकल फॉर लोकल, स्थानीय उत्पादों, स्थानीय व्यापार और स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देने से जुड़े विषयों पर विशेष रूप से चर्चा की जाएगी। साथ ही पारंपरिक व्यापार को आधुनिक प्रतिस्पर्धा के अनुरूप तैयार करने, संस्कृति, विरासत और व्यापार के समन्वय तथा एमएसएमई सेक्टर के लिए नए अवसर तलाशने पर विचार-विमर्श होगा।
स्थानीय व्यापार, ई-कॉमर्स और नीति सुधार पर फोकस
कॉन्फ्रेंस में ई-कॉमर्स के प्रभाव, स्थानीय बाजारों की चुनौतियों, लघु एवं मध्यम उद्यमियों के संरक्षण, स्थायी बाजार व्यवस्था और रोजगार सृजन जैसे मुद्दे प्रमुख रहेंगे। इसके अलावा लोक संस्कृति, हस्तशिल्प और पर्यटन स्थलों से रोजगार के अवसर कैसे विकसित किए जाएं, इस पर भी सत्र आयोजित किए जाएंगे। जीएसटी, उपभोक्ता मामलों, मंडी शुल्क और एफएसएसएआई के मानकों को लेकर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी। सम्मेलन में ऐसे सुझाव तैयार किए जाएंगे, जिन्हें प्रस्ताव के रूप में केंद्र सरकार को भेजा जाएगा, ताकि समय और परिस्थितियों के अनुसार व्यावहारिक कानून बनाए जा सकें।
देशभर से 400 से अधिक प्रतिनिधि होंगे शामिल
इस राष्ट्रीय सम्मेलन में देश के 28 राज्यों से करीब 400 प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। इनमें ओडिशा से प्रहलाद खंडेलवाल, दिल्ली से पवन कुमार, मुंबई से मोहन गुरनानी और जितेंद्र शाह, कोलकाता से तारकनाथ त्रिवेदी, उत्तर प्रदेश से भैरो प्रसाद मिश्र, मध्य प्रदेश से गोपालदास अग्रवाल और राजेश जैन, केरल से राजू अप्सरा, तमिलनाडु से सौंदर्यराजन, हरियाणा से विजयलक्ष्मी चंद गुप्ता, तेलंगाना से सतीश अग्रवाल, पंजाब से रंजन अग्रवाल सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हैं। इसके साथ ही राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य, विभिन्न राज्यों के व्यापार मंडलों के अध्यक्ष, महामंत्री और कार्यकारिणी सदस्य सम्मेलन में अपनी भागीदारी दर्ज कराएंगे।
ठहरने और कार्यक्रम की पूरी व्यवस्था
भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबूलाल गुप्ता ने बताया कि इस दो दिवसीय सम्मेलन में उद्योग और व्यापार से जुड़ी नीतियों पर गंभीर चर्चा कर केंद्र सरकार के लिए व्यावहारिक संशोधन प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे। डेलीगेट्स के ठहरने की व्यवस्था कॉन्स्टीट्यूशनल क्लब ऑफ राजस्थान, होटल ओम टॉवर और स्वास्तिक होटल, पोलोविक्ट्री में की गई है। सम्मेलन का आयोजन कॉन्स्टीट्यूशनल क्लब के ऑडिटोरियम में होगा, जहां लंच की व्यवस्था भी वहीं रहेगी। डेलीगेट्स के लिए डिनर का आयोजन जयपुर के प्रमुख पर्यटन स्थल चोखी ढाणी में किया गया है। 11 जनवरी को होने वाले सत्र होटल ओम टॉवर के सभागार में आयोजित होंगे, जहां रिवॉल्विंग रेस्टोरेंट में लंच की व्यवस्था रहेगी।


