गांव मंच डेस्क, दिल्ली। राजस्थान और हरियाणा से जुड़े विभिन्न मुदृदों पर दिल्ली में अहम बैठक हुई। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को नई दिल्ली में केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। इस दौरान केन्द्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव, जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
राजस्थान में इन प्रोजेक्टों को मिलेगी गति
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री से जयपुर की उत्तरी रिंग रोड एवं जयपुर से अमृतसर तथा जामनगर कॉरिडोर के क्रियान्वयन पर गहन चर्चा की। साथ ही, राजस्थान में विभिन्न राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति के संबंध में भी विस्तृत समीक्षा की। केंद्रीय मंत्री ने आश्वासन दिया कि सभी आवश्यक मसलों को गंभीरता से हल करते हुए काम किया जाएगा।
हरियाणा और राजस्थान का हल होगा विवाद
केंद्रीय मंत्रियों और सीएम की मौजूदगी में हुई बैठक में भिवाड़ी में जल भराव की समस्या के समाधान पर विस्तृत चर्चा की गई। इस संबंध में बताया गया कि जल भराव की समस्या के समाधान के दृष्टिगत सीईटीपी का निर्माण हो चुका है। वहीं, शीघ्र एसटीपी का निर्माण भी किया जाएगा। गौरतलब है कि राष्ट्रीय राजमार्ग–919 पर भिवाड़ी–धारूहेड़ा क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही जलभराव की समस्या के समाधान की जरुरत है।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि भिवाड़ी का घरेलू अपशिष्ट जल 34 एमएलडी क्षमता के एसटीपी के माध्यम से उपचारित किया जाएगा, जो मार्च 2026 तक क्रियाशील हो जाएगा। वहीं औद्योगिक अपशिष्ट जल का उपचार 6 एमएलडी क्षमता के सीईटीपी द्वारा किया जाएगा, जिसे हाल ही में ज़ीरो लिक्विड डिस्चार्ज (ZLD) मानकों के अनुरूप उन्नत किया गया है। एसटीपी के शोधित जल को पाइपलाइन द्वारा सराय खुर्द बांध ले जाया जायेगा, जहाँ से इस जल को सिंचाई के लिए किसानों द्वारा एवं उद्योगों द्वारा पुन: उपयोग किया जा सकेगा।
जल्द शेखावाटी में आए यमुना का पानी
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल के आवास पर मुलाकात की। इस दौरान यमुना जल समझौते के अंतर्गत जल प्रबंधन और अग्रिम कार्य योजना, पेयजल सहित विभिन्न परियोजनाओं पर सार्थक चर्चा हुई। उम्मीद है जल्द ही इस परियोजना से जुड़े टेंडर भी जारी होंगे।


