गावं मंच जयपुर, 19 मई। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय खान एवं कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी की गरिमामयी उपस्थिति में मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास पर खान एवं कोयला विभाग की एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि खनिज संपदा की दृष्टि से राजस्थान खनन क्षेत्र देश में अग्रणी है, जहाँ 82 प्रकार के खनिज उपलब्ध हैं और वर्तमान में 57 खनिजों का दोहन किया जा रहा है।
सिवाना रिंग कॉम्प्लेक्स के लिए नियुक्त होगा नोडल अधिकारी
बैठक में बाड़मेर और बालोतरा जिले में लगभग 725 वर्ग किलोमीटर में फैले सिवाना रिंग कॉम्प्लेक्स एवं सिवाना ग्रेनाइट की संरचना को लेकर विशेष चर्चा हुई। इस क्षेत्र में आधुनिक तकनीक और स्वच्छ ऊर्जा के लिए बेहद महत्वपूर्ण माने जाने वाले ‘रेयर अर्थ एलिमेंट’ (Rare Earth Elements) और ‘हेवी रेयर अर्थ एलिमेंट’ प्रचुर मात्रा में उपलब्ध हैं। मुख्यमंत्री ने इसके प्रभावी क्रियान्वयन और काम में तेजी लाने के लिए तत्काल एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए हैं।

बैठक के प्रमुख बिंदु और निर्णय:
- डेटा शेयरिंग: मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (GSI) द्वारा राज्य में खोजी गई साइट्स की जानकारी राज्य सरकार से साझा की जाए, ताकि उस बेशकीमती जमीन का आवंटन किसी अन्य काम के लिए न हो सके।
- समयबद्ध उत्पादन: जिन खनिज ब्लॉक्स की नीलामी पूरी हो चुकी है, वहां पर्यावरण स्वीकृति के कार्यों को प्राथमिकता देकर जल्द से जल्द खनन उत्पादन शुरू करने के निर्देश दिए गए।
- क्रिटिकल मिनरल्स का हब: केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने कहा कि रक्षा, ऊर्जा, कृषि, सोलर और ऑटोमोबाइल सेक्टर में बढ़ते क्रिटिकल मिनरल्स (Critical Minerals) की मांग को पूरा करने का सबसे बड़ा सामर्थ्य राजस्थान के पास है।
बैठक में कोल इंडिया और राजस्थान विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (RVUNL) के संयुक्त उपक्रम, सौर ऊर्जा परियोजनाओं, डीएमएफ (DMF) फंड के उपयोग और पर्यावरण-वन स्वीकृतियों को लेकर भी अधिकारियों को आपसी समन्वय से समयबद्ध समाधान निकालने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, अतिरिक्त मुख्य सचिव (खान एवं पेट्रोलियम) अपर्णा अरोड़ा सहित केंद्र एवं राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
- देश में क्रिटिकल मिनरल्स की खोज, नीतियों और नीलामी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी के लिए खान मंत्रालय, भारत सरकार की आधिकारिक वेबसाइट देखें।
- राजस्थान में खनिज ब्लॉकों के आवंटन, नियमों और रियायतों से जुड़े अपडेट्स के लिए खान एवं भूविज्ञान विभाग, राजस्थान सरकार के डिजिटल पोर्टल पर विजिट करें।
राजस्थान में पंचायतों, ग्राम सभाओं और ग्रामीण योजनाओं से जुड़ी ताज़ा खबरें गाँव मंच के पंचायत सेक्शन में भी उपलब्ध हैं।
नोट:- यह विचार लेखक पत्रकार अंकित तिवारी Ankit Tiwari के है।


