गाँव मंच डेस्क जयपुर, 20 जनवरी।
राजस्थान स्टेट इंडस्ट्रियल डवलपमेंट एंड इन्वेस्टमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (रीको) ने प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खोलते हुए विभिन्न संवर्गों के कुल 98 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की है। इस भर्ती अभियान के तहत तकनीकी, प्रशासनिक और सहायक श्रेणी के महत्वपूर्ण पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
रीको द्वारा जारी भर्ती विवरण के अनुसार कंपनी सचिव, सहायक नगर नियोजक और प्रोग्रामर के एक-एक पद पर भर्ती की जाएगी। इसके अलावा सहायक लेखाधिकारी-द्वितीय के 21 पद, कनिष्ठ विधि अधिकारी के 4 पद, निजी सहायक ग्रेड-द्वितीय के 8 पद, प्रारूपकार के 8 पद तथा कनिष्ठ सहायक के सर्वाधिक 54 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
21 जनवरी से शुरू होंगे ऑनलाइन आवेदन
इन सभी पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 21 जनवरी 2026 से शुरू होगी, जो 20 फरवरी 2026 तक जारी रहेगी। अभ्यर्थी निर्धारित समयावधि में रीको की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। आवेदन से जुड़ी योग्यता, आयु सीमा, चयन प्रक्रिया और अन्य शर्तों की विस्तृत जानकारी वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है।

सिविल कैडर में भी चल रही भर्ती प्रक्रिया
गौरतलब है कि इससे पहले रीको द्वारा सिविल कैडर में 39 सहायक स्थल अभियंता पदों पर भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ की जा चुकी है, जिसके लिए आवेदन की अंतिम तिथि 27 जनवरी 2026 तय की गई है। ऐसे में इंजीनियरिंग और तकनीकी क्षेत्र के युवाओं के लिए भी रीको में करियर बनाने का सुनहरा अवसर मौजूद है।
राजस्थान का प्रमुख औद्योगिक उपक्रम है रीको
रीको राजस्थान सरकार का एक प्रमुख उपक्रम है, जो राज्य में औद्योगिक क्षेत्रों की स्थापना, उनके संचालन और रखरखाव के साथ-साथ उद्योगों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने का कार्य करता है। वर्तमान में रीको अपने 33 इकाई कार्यालयों के माध्यम से प्रदेशभर में 445 औद्योगिक क्षेत्रों का विकास कर चुका है।
राज्य के प्रतिष्ठित औद्योगिक उपक्रम में नौकरी की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए यह भर्ती अभियान एक महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।
कहां मिलेगी पूरी जानकारी
अभ्यर्थी आवेदन प्रक्रिया, नियम एवं शर्तें, परीक्षा से संबंधित दिशा-निर्देश और अन्य आवश्यक जानकारियां रीको की आधिकारिक वेबसाइट
www.riico.rajasthan.gov.in
पर देख सकते हैं।
राजस्थान में पंचायतों, ग्राम सभाओं और ग्रामीण योजनाओं से जुड़ी ताज़ा खबरें गाँव मंच के पंचायत सेक्शन में भी उपलब्ध हैं।


