गाँव मंच डेस्क, जयपुर। राजस्थान में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए नई पहल की जा रही है। भीलवाड़ा जिले के कांखला में विकसित हो रहे जिंक इंडस्ट्रियल पार्क को मातृकुंडिया बांध से जल आपूर्ति मिलेगी। इस फैसले से औद्योगिक इकाइयों के संचालन के लिए जरूरी सुविधाएं मजबूत होंगी।
जिंक इंडस्ट्रियल पार्क को रोजाना मिलेगा 20 लाख लीटर पानी
राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के तहत हुए एमओयू को लागू करने की दिशा में काम जारी है। इसी क्रम में जिंक इंडस्ट्रियल पार्क के लिए जल आपूर्ति की व्यवस्था की गई है। प्रस्तावित योजना के अनुसार, पार्क को प्रतिदिन 20 लाख लीटर पानी मिलेगा। यह पानी चित्तौड़गढ़ जिले में बनास नदी पर स्थित मातृकुंडिया बांध से उपलब्ध कराया जाएगा।
112 एकड़ भूमि पर विकसित होगा औद्योगिक पार्क
कांखला में प्रस्तावित जिंक इंडस्ट्रियल पार्क लगभग 112 एकड़ भूमि पर विकसित किया जा रहा है। यहां जिंक उद्योग की वैल्यू चेन से जुड़ी कंपनियों को निवेश के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। वेदांता समूह इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। अब तक 10 से अधिक कंपनियों ने यहां निवेश में रुचि दिखाई है।
निवेशकों के लिए अलग-अलग आकार के भूखंड

- पार्क के शुरुआती चरण में हिंदुस्तान जिंक
- लिमिटेड ने लगभग 66 एकड़ भूमि पर निवेश संबंधी प्रस्ताव रीको को दिए हैं।
- निवेशकों की जरूरतों के अनुसार विभिन्न आकार के भूखंड नियोजित किए गए हैं।
- इनका क्षेत्रफल लगभग 500 वर्गमीटर से 50,000 वर्गमीटर तक होगा।
- इससे छोटे और बड़े निवेशकों को अपनी जरूरत के अनुसार जमीन मिल सकेगी।
https://riico.rajasthan.gov.in
Edited by- Riddhima


