जयपुर। राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने आज Stone Mart India 2026 के आधिकारिक पोस्टर का विमोचन किया। यह आयोजन राज्य की समृद्ध स्टोन विरासत, औद्योगिक क्षमता और अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक संभावनाओं को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
पोस्टर विमोचन कार्यक्रम के अवसर पर Stone Mart India 2026 के आयोजन से जुड़ी संस्थाओं सिडोस, रीको और लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधि एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर नरेश पारीक (राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव), नटवरलाल अजमेरा (संयोजक, स्टोन मार्ट एवं उपाध्यक्ष, लघु उद्योग भारती राजस्थान), अरुण जाजोदिया (प्रदेश कोषाध्यक्ष), महेंद्र मिश्रा (जयपुर अंचल अध्यक्ष, लघु उद्योग भारती) तथा मुकुल रस्तोगी (CEO –CDOS) (सीडोस) की मौजूदगी रही। कार्यक्रम के दौरान आयोजन से जुड़ी तैयारियों, अंतरराष्ट्रीय सहभागिता और उद्योग से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा कि राजस्थान की पहचान उसकी कला, संस्कृति, स्थापत्य और प्राकृतिक स्टोन से जुड़ी हुई है। यहां के किले, महल, मंदिर और ऐतिहासिक संरचनाएं इस बात का प्रमाण हैं कि प्राकृतिक पत्थर केवल निर्माण सामग्री नहीं, बल्कि राज्य की जीवंत विरासत का अभिन्न हिस्सा रहे हैं। उन्होंने कहा कि Stone Mart India 2026 जैसे आयोजन इस विरासत को आधुनिक तकनीक, नवाचार और वैश्विक बाजारों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं। इस आयोजन में औद्योगिक विरासत के साथ देश विदेश से आने वाले बॉयर्स और एग्जीबीटर्स को राजस्थान की कला संस्कृति से भी रूबरू होने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय आयोजन न केवल स्टोन सेक्टर, बल्कि राज्य के MSME, कारीगरों, उद्यमियों और निर्यात से जुड़े उद्योगों के लिए नए अवसर लेकर आते हैं। इससे निवेश, रोजगार और व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलती है।
आयोजकों की उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी को बताया कि Stone Mart India 2026 को इस बार पहले से कहीं अधिक व्यापक स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। यह आयोजन CDOS बतौर आयोजक, RIICO Principal Sponsor और Laghu Udyog Bharatiसह आयोजक के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। प्रदर्शनी में देश-विदेश के प्रमुख स्टोन उत्पादक, प्रोसेसर, निर्यातक, मशीनरी निर्माता और तकनीकी विशेषज्ञ भाग लेंगे।
Stone Mart India 2026 केवल प्राकृतिक स्टोन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि स्टोन प्रोसेसिंग मशीनरी, नवीन तकनीक, डिजाइन इनोवेशन और वैल्यू एडिशन के क्षेत्रों में हो रहे नवीनतम विकास को भी प्रदर्शित करेगा। आयोजन के माध्यम से राजस्थान को नेचुरल स्टोन और उससे जुड़ी तकनीकों का वैश्विक हब बनाने की दिशा में ठोस प्रयास किए जा रहे हैं।
लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव नरेश पारीक ने बताया कि इस बार आयोजन का दायरा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक विस्तृत किया गया है, जिससे विदेशी खरीदारों, निवेशकों और व्यापारिक प्रतिनिधियों की मजबूत भागीदारी सुनिश्चित हो सके। Stone Mart India 2026 से राज्य की स्टोन इंडस्ट्री को नई पहचान मिलने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक संबंधों को भी मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने देश-विदेश के सभी उद्योग प्रतिनिधियों, व्यापारियों, निवेशकों और स्टेकहोल्डर्स से Stone Mart India 2026 में सहभागिता करने एवं इस मंच का हिस्सा बनने का आह्वान किया।
स्टोन मार्ट के बारे में
Stone Mart India 2026 देश का एक प्रतिष्ठित और अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्राकृतिक पत्थर उद्योग से जुड़ा व्यापारिक प्रदर्शनी एवं नेटवर्किंग मंच है, जो भारत की समृद्ध स्टोन इंडस्ट्री को वैश्विक बाजार से जोड़ने का कार्य करता है। यह आयोजन प्राकृतिक पत्थरों के साथ-साथ अत्याधुनिक स्टोन प्रोसेसिंग मशीनरी, उपकरण, तकनीक, डिज़ाइन और नवाचारों को एक ही मंच पर प्रस्तुत करता है। Stone Mart न केवल उद्योगपतियों, निर्यातकों, खनन क्षेत्र से जुड़े उद्यमियों और वास्तुकारों के लिए अवसर प्रदान करता है, बल्कि यह राजस्थान और भारत की पारंपरिक शिल्प कला, तकनीकी क्षमता और औद्योगिक सामर्थ्य को भी अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने का माध्यम है। वर्ष 2026 में आयोजित होने वाला यह आयोजन पहले से अधिक व्यापक स्वरूप में आयोजित किया जाएगा, जिसमें देश-विदेश से बड़ी संख्या में प्रदर्शक, खरीदार और उद्योग विशेषज्ञ भाग लेंगे। यह आयोजन CDOS बतौर आयोजक, RIICO Principal Sponsor और Laghu Udyog Bharti सह आयोजक के सहयोग से आयोजित किया जा रहा।


