Gaonmanch

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना राजस्थान: सड़कों के जाल से बदली गांवों की सूरत

जयपुर, 12 मई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘सशक्त गांव, विकसित भारत’ के संकल्प को राजस्थान की भजनलाल सरकार धरातल पर उतार रही है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना राजस्थान के 25 वर्षों के सफल सफर ने प्रदेश के ग्रामीण परिदृश्य को पूरी तरह बदल दिया है। वर्तमान में राजस्थान सर्वाधिक सड़क लंबाई पूरी करने की श्रेणी में देश में दूसरे स्थान पर रहा है, जिसके लिए केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय ने राज्य को सम्मानित भी किया है।

चतुर्थ चरण: मरुस्थलीय और दूरस्थ बस्तियों पर फोकस

योजना के चौथे चरण (PMGSY-IV) के तहत केंद्र सरकार ने वर्ष 2024-25 से 2028-29 के लिए 70,125 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।

  • राजस्थान अव्वल: चतुर्थ चरण में देशभर में स्वीकृत 4,795 सड़कों में से राजस्थान को अकेले 1,216 सड़कों की स्वीकृति मिली है। यह संख्या की दृष्टि से देश में सर्वाधिक है।
  • बजट: प्रदेश के लिए 2,000 करोड़ रुपये से अधिक का प्रावधान किया गया है, जिससे 3,219 किलोमीटर लंबी सड़कें बनेंगी।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना राजस्थान ग्रामीण रोड नेटवर्क निर्माण

तीसरा चरण: मार्च 2028 तक बढ़ी अवधि

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना राजस्थान के तीसरे चरण में अब तक 8,584 किलोमीटर की 912 सड़कों का सुदृढ़ीकरण किया गया है।

  • केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने इस चरण की अवधि को बढ़ाकर मार्च 2028 तक कर दिया है।
  • इससे कृषि मंडियों, स्कूलों और अस्पतालों तक पहुंचने वाले मुख्य ग्रामीण मार्गों का व्यापक सुदृढीकरण सुनिश्चित हो सकेगा।

पीएम-जनमन: जनजातीय क्षेत्रों में कनेक्टिविटी

सहरिया जनजाति बहुल बारां जिले के शाहबाद और किशनगंज ब्लॉक में पीएम-जनमन योजना के तहत 43 किलोमीटर लंबी 14 सड़कों का निर्माण पूरा हो चुका है। इससे दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों की मुख्यधारा से कनेक्टिविटी मजबूत हुई है।

उपलब्धियां: देश में राजस्थान का दबदबा

योजना के 25 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित रजत जयंती समारोह में राजस्थान को दो प्रमुख श्रेणियों में सम्मानित किया गया:

  1. सर्वाधिक सड़क लंबाई: 75,868 किमी सड़क पूर्ण कर राजस्थान देश में द्वितीय स्थान पर रहा।
  2. गुणवत्ता नियंत्रण: गुणवत्ता के मामले में राजस्थान और तमिलनाडु ने संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

विशेष तथ्य: राजस्थान में अब तक योजना के तहत 18,131 कार्य पूर्ण कर 75,868 किलोमीटर लंबी सड़कों का जाल बिछाया जा चुका है।

राजस्थान में पंचायतों, ग्राम सभाओं और ग्रामीण योजनाओं से जुड़ी ताज़ा खबरें गाँव मंच के पंचायत सेक्शन में भी उपलब्ध हैं।

नोट:- यह विचार लेखक पत्रकार अंकित तिवारी Ankit Tiwari के है।

Scroll to Top