जयपुर, 16 नवंबर। जयपुर शहर की सफाई व्यवस्था में लापरवाही को लेकर स्वायत्त शासन विभाग के शासन सचिव रवि जैन ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर की स्वच्छता से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके लिए सभी जोन उपायुक्तों और मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षकों को प्रतिदिन फील्ड में उतरकर अपने-अपने क्षेत्रों का निरीक्षण करने और इसकी रिपोर्ट मुख्यालय को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
सोमवार को आयोजित बैठक में शासन सचिव ने शहर के विभिन्न इलाकों में बने कचरा पॉइंट्स और सफाई व्यवस्था में सामने आ रही कमियों पर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे केवल कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि नियमित रूप से मौके पर पहुंचकर सफाई कार्यों की निगरानी करें। निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों और उन पर की गई कार्रवाई का विवरण भी प्रतिदिन मुख्यालय को भेजना होगा।

आवासीय कॉलोनियों और बाजारों में भी सफाई पर जोर
- शासन सचिव रवि जैन ने कहा कि जयपुर की सफाई व्यवस्था केवल मुख्य सड़कों और सार्वजनिक स्थानों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए।
- शहर की आवासीय कॉलोनियों, आंतरिक सड़कों, सब्जी मंडियों, बाजारों और अन्य व्यस्त इलाकों में भी नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए।
- उन्होंने अधिकारियों को चिन्हित कचरा पॉइंट्स को समाप्त करने और वहां दोबारा कचरा जमा नहीं होने देने के निर्देश दिए।
- साथ ही कचरा संग्रहण और निस्तारण व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया।
दुकानों के बाहर डस्टबिन नहीं रखने पर कटेंगे चालान
- बैठक में दुकानदारों द्वारा दुकानों के बाहर डस्टबिन नहीं रखने के मामलों पर भी शासन सचिव ने नाराजगी जताई।
- उन्होंने ऐसे प्रतिष्ठानों के खिलाफ अधिकाधिक चालान जारी करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भारी जुर्माना लगाने के निर्देश दिए।
- उन्होंने कहा कि प्रत्येक दुकानदार की जिम्मेदारी है कि वह अपनी दुकान के आसपास स्वच्छता बनाए रखे और कचरा निर्धारित स्थान पर ही डाले।
- सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था की होगी मॉनिटरिंग
- शासन सचिव ने सभी आवासीय क्षेत्रों में घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था को नियमित और प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
- उन्होंने कहा कि कचरा संग्रहण वाहनों की नियमित आवाजाही सुनिश्चित की जाए और उनके निर्धारित रूट के अनुसार संचालन की निगरानी की जाए।
- यदि किसी क्षेत्र में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण में अनियमितता या लापरवाही सामने आती है,
- तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
लापरवाही पर अधिकारियों की तय होगी जवाबदेही
- रवि जैन ने स्पष्ट किया कि जयपुर शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार केवल कागजी कार्रवाई से संभव नहीं है।
- इसके लिए अधिकारियों को नियमित निरीक्षण, प्रभावी निगरानी और मौके पर कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी।
- उन्होंने सभी जोन उपायुक्तों और मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षकों को निर्देशों की गंभीरता से पालना करने को कहा।
- साथ ही चेतावनी दी कि सफाई व्यवस्था में लापरवाही, निरीक्षण में ढिलाई या रिपोर्टिंग में कोताही पाए जाने
- पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
- बैठक में नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा, अतिरिक्त निदेशक डीएलबी डॉ. अशोक कुमार, अतिरिक्त आयुक्त
- नगर निगम नरेन्द्र कुमार बंसल, मुख्य अभियंता प्रदीप गर्ग सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
अधिक जानकारी के लिए यहां क्लिक करें।
Edited by – Krishika Agarwal


