Gaonmanch

इनकम टैक्स गैजेटेड ऑफिसर्स एसोसिएशन ITGOA को मिला नया अध्यक्ष, जखराना के सुमित तिवारी बने निर्विरोध अध्यक्ष

बहरोड़। गांव मंच डेस्क। इनकम टैक्स गैजेटेड ऑफिसर्स एसोसिएशन (ITGOA) के अध्यक्ष पद पर सुमित तिवारी का निर्विरोध चयन किया गया। जयपुर में आयोजित हुई चुनाव प्रक्रिया में आयकर विभाग के वरिष्ठ अधिकारीगण, संगठन के पूर्व पदाधिकारी, सहकर्मीगण एवं ITGOA परिवार के सदस्य मौजूद रहे। सुमित तिवारी गांव जखराना के मूल निवासी है, फिलहाल अलवर में आयकर अधिकारी के पद पर नियुक्त है।

ITGOA राजस्थान इकाई के युवा अध्यक्ष

आयकर विभाग की इस महत्वपूर्ण संस्था ITGOA राजस्थान इकाई के अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित होने वाले सबसे कम उम्र के सदस्य बने है। अन्य पदों पर हुए चुनाव में कुमार रवि रंजन को उपाध्यक्ष, राकेश कुमार शर्मा को महासचिव तथा सत्य प्रकाश बावता को कोषाध्यक्ष निर्वाचित किया गया। संगठन पूरे राजस्थान के आयकर अधिकारियों का प्रतिनिधित्व करती है।

जीत सामूहिक विश्वास का प्रतीक

नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुमित तिवारी ने अपने संबोधन में इस चयन को किसी व्यक्तिगत उपलब्धि के बजाय संगठन द्वारा प्रदत्त सामूहिक विश्वास का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह पद अधिकार का नहीं, बल्कि सेवा, साधना और जिम्मेदारी का दायित्व है। वरिष्ठ अधिकारियों के अनुभव, मार्गदर्शन और आशीर्वाद को संगठन की सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए उन्होंने कहा कि उनका नेतृत्व सहभागी, संवादात्मक और समावेशी होगा। तिवारी ने स्पष्ट किया कि ITGOA की वर्तमान प्रतिष्ठा वर्षों के अनुशासित, निष्ठावान और समर्पित सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उनका संकल्प इस विरासत को और सशक्त बनाते हुए संगठन की गरिमा, एकजुटता और प्रभावशीलता को नई ऊँचाइयों तक ले जाना है।

आयकर अधिकारी राष्ट्र की आर्थिक रीढ़

सुमित तिवारी ने अपने वक्तव्य में उन्होंने केंद्र सरकार के समक्ष आयकर अधिकारियों से जुड़ी प्रमुख मांगों को भी दृढ़ता से रखने का संकल्प व्यक्त किया। इनमें समयबद्ध पदोन्नति, कैडर पुनर्गठन, कार्यभार के अनुपात में मानव संसाधन की उपलब्धता, आधुनिक अवसंरचना, डिजिटल कार्यप्रणाली के साथ अनुकूल प्रशासनिक समर्थन, तथा सेवा शर्तों में पारदर्शिता और समानता जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं। उन्होंने कहा कि आयकर अधिकारी राष्ट्र की आर्थिक रीढ़ को सुदृढ़ करने में अहम भूमिका निभाते हैं और उनकी समस्याओं का समाधान ही सशक्त कर प्रशासन की नींव है।

सुझाव और सकारात्मक आलोचना का आग्रह

अध्यक्ष ने सदस्यों से केवल समर्थन ही नहीं, बल्कि समय-समय पर मार्गदर्शन, सुझाव और सकारात्मक आलोचना देने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा, मजबूत संगठन केवल तालियों से नहीं, बल्कि साझा उत्तरदायित्व और निरंतर संवाद से बनते हैं। अंत में तिवारी ने संगठन के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि ITGOA की नई टीम संगठन की भावनाओं, दायित्वों और इस ऐतिहासिक चयन को पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता और प्रतिबद्धता के साथ सार्थक रूप देगी।

Scroll to Top