गांव मंच डेस्क, जयपुर। राजस्थान में आगामी बजट की तैयारियां अब तेज है। बीजेपी सरकार सभी वर्गों और हितधारकों से संवाद कर रहे है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर सामाजिक क्षेत्र में रूचि रखने वाली छात्राओं से बजट पूर्व संवाद किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प के साथ देश आगे बढ़ रहा है। नारी शक्ति इसके केंद्र में है। हमारी डबल इंजन सरकार ने महिला सशक्तीकरण को जीवन के हर चरण से जोड़ा है। जिसमें मातृत्व से लेकर शिक्षा तक, शिक्षा से लेकर आजीविका तक और आजीविका से लेकर सम्मानजनक, सुरक्षित और आत्मनिर्भर जीवन तक को प्राथमिकता दी गई है।
महिलाओं के लिए इन योजनाओं पर काम
शर्मा रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर सामाजिक क्षेत्र में रूचि रखने वाली छात्राओं से बजट पूर्व संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मातृत्व वह आधार है, जहां से एक स्वस्थ समाज की शुरुआत होती है। इसी सोच के साथ हमने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना को प्रभावी रूप से लागू किया है। इस योजना से प्रदेश की करीब 10 लाख महिलाएं लाभान्वित हुई हैं। इसमें देय राशि को बढ़ाकर 6 हजार 500 रुपये किया गया है।
प्रदेश में 12 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बनी
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला सशक्तीकरण सही मायने में तभी साकार होता है जब महिलाओं के हाथों में कौशल हो, आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध हों और वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनें। इसी उद्देश्य से राज्य में करीब 20 लाख महिलाओं को विभिन्न कौशल विकास और आजीविका कार्यक्रमों के माध्यम से प्रशिक्षित किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 12 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
आत्मनिर्भर भारत बनाने में महिलाओं का योगदान अहम
मुख्यमंत्री ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत बनाने में महिलाएं अपना योगदान दें। राजस्थान में पर्यटन, उद्योग सहित विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार संबंधी अपार संभावनाएं हैं, जिसमें महिलाएं भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। स्टार्टअप्स और मार्केटिंग के क्षेत्र में भी नये आयाम स्थापित कर सकती हैं। उन्होंने 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद की जयंती पर मनाए जाने वाले युवा दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं दी और कहा कि स्वामी विवेकानंद युवाओं के प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा था 21वीं सदी भारत की होगी। उनका कथन उठो-जागो और तब तक मत रूको, जब तक लक्ष्य की प्राप्ति ना हो हम सब को प्रेरित करता है।
इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव कौशल एवं उद्यमिता संदीप वर्मा, प्रमुख शासन सचिव वित्त वैभव गालरिया, प्रमुख शासन सचिव महिला एवं बाल विकास भवानी सिंह देथा सहित संबंधित विभागों के उच्चाधिकारी एवं तकनीकी शिक्षा व उच्च शिक्षा के संस्थानों की छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रही।


