जयपुर, 16 नवंबर। राजस्थान में सरकारी शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए राज्य सरकार की ओर से कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में शिक्षा विभाग ने शिक्षक भर्ती, कार्मिक पदोन्नति, विद्यार्थियों के नामांकन, परीक्षा परिणाम, बालिका शिक्षा और डिजिटल सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर दिया है। सरकार के अनुसार, 15 दिसंबर 2023 से अब तक विभिन्न संवर्गों में 48,465 नई नियुक्तियां और 66,047 पदोन्नतियां दी जा चुकी हैं। वहीं, सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों का नामांकन बढ़कर 73 लाख तक पहुंच गया है।
राज्य सरकार का लक्ष्य सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के साथ विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाएं और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है। इसी दिशा में स्कूलों के नए भवन, अतिरिक्त कक्षा-कक्ष, स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास पर भी काम किया जा रहा है।

राजस्थान में 48,465 नई नियुक्तियां और 66,047 पदोन्नतियां
सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर बनाने के लिए शिक्षक और अन्य विभागीय कार्मिकों की उपलब्धता पर विशेष ध्यान दिया गया है। सरकार के अनुसार, अब तक विभिन्न संवर्गों में कुल 48,465 नई नियुक्तियां दी गई हैं। इसके अलावा विद्यालयों में 19,000 सहायक कर्मचारियों की पदस्थापना की गई है।
वहीं, कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने और विभागीय व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए 66,047 पदोन्नतियां प्रदान की गई हैं। सरकार के अनुसार, यह संख्या पूर्ववर्ती सरकार के पूरे कार्यकाल में दी गई 58,339 पदोन्नतियों से अधिक है।
सरकारी स्कूलों में नामांकन बढ़कर 73 लाख पहुंचा
- राजस्थान के सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों के नामांकन में भी वृद्धि दर्ज की गई है।
- कोविड के बाद लगातार गिर रहे नामांकन के रुझान में बदलाव आया है।
- पिछले वर्ष सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या लगभग 72.50 लाख थी, जो अब बढ़कर 73 लाख हो गई है।
- इसके साथ ही नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत 1 अप्रैल से की गई। सरकारी
- और निजी विद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया एक साथ शुरू करने का उद्देश्य सरकारी
- स्कूलों में अधिक से अधिक विद्यार्थियों को प्रवेश के लिए प्रोत्साहित करना है।
- विद्यार्थियों को पढ़ाई में परेशानी न हो, इसके लिए कक्षा 1 से 12 तक की 4.42 करोड़ पाठ्य-पुस्तकों का
- नए सत्र की शुरुआत में समय पर वितरण किया गया।
बोर्ड परीक्षा परिणामों में भी बेहतर प्रदर्शन
- राजस्थान के सरकारी शिक्षा तंत्र में सुधार के साथ बोर्ड परीक्षाओं के परिणामों में भी अच्छा प्रदर्शन सामने आया है।
- इस वर्ष कक्षा 10वीं का बोर्ड परीक्षा परिणाम 94 प्रतिशत से अधिक रहा।
- कक्षा 10वीं में 23 प्रतिशत से अधिक बालिकाओं और 20 प्रतिशत बालकों ने 75 प्रतिशत से ज्यादा अंक प्राप्त किए।
- वहीं, कक्षा 12वीं में विज्ञान और कला वर्ग का परीक्षा परिणाम 97.5 प्रतिशत तथा वाणिज्य वर्ग का परिणाम 93.5 प्रतिशत रहा।
- इसके अलावा कक्षा 10वीं और 12वीं के परिणाम मार्च 2026 के अंतिम सप्ताह में जारी किए गए,
- ताकि विद्यार्थियों को अगली कक्षा में प्रवेश लेने के लिए अधिक इंतजार न करना पड़े।
आरटीई के तहत 2,146 करोड़ रुपये का पुनर्भरण
- शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE) के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत निजी विद्यालयों में आर्थिक रूप से कमजोर
- और वंचित वर्गों के बच्चों को शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
- सरकार के अनुसार, अपने कार्यकाल में निजी विद्यालयों को आरटीई के तहत कुल 2,146.35 करोड़ रुपये का पुनर्भरण किया गया है।
- सत्र 2025-26 में 2.37 लाख नवप्रवेशित विद्यार्थियों को निःशुल्क प्रवेश दिया गया।
- वहीं, सत्र 2026-27 में 4.39 लाख नवप्रवेशित विद्यार्थियों को निःशुल्क प्रवेश से जोड़ने की कार्रवाई की गई है।
बालिका शिक्षा को बढ़ावा, 13.85 लाख से अधिक साइकिलें वितरित
- राज्य सरकार की ओर से बालिकाओं की शिक्षा और स्कूलों तक उनकी पहुंच आसान बनाने के लिए भी कई कदम उठाए गए हैं।
- इसके तहत अब तक 13,85,373 से अधिक साइकिलें वितरित की जा चुकी हैं।
- इसके अलावा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में छात्राओं की सुविधाओं के लिए 116 ओपन जिम, 455 स्मार्ट किचन
- और 129 लॉन्ड्री मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं।
- मेधावी विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने के लिए 88,724 इंटरनेट कनेक्शन सहित निःशुल्क टैबलेट उपलब्ध कराए गए हैं।
- वहीं, फरवरी 2024 से अब तक चिन्हित विद्यार्थियों को कुल 19,766 अंग एवं सहायक उपकरण वितरित किए गए हैं,
- जिससे विशेष आवश्यकता वाले विद्यार्थियों को शिक्षा प्राप्त करने में मदद मिल सके।
स्कूलों के भवन और कक्षा-कक्षों के निर्माण पर खर्च हुए 2,723 करोड़ रुपये से अधिक
- सरकारी विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए आधारभूत संरचना के विकास पर भी जोर दिया गया है।
- सरकार के अनुसार, अब तक इस क्षेत्र में 2,723 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जा चुके हैं।
- इस दौरान 182.50 करोड़ रुपये की लागत से 179 विद्यालय भवनों का निर्माण किया गया है।
- वहीं, जर्जर कक्षा-कक्षों की जगह बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए 757 करोड़ रुपये
- की लागत से 7,945 अतिरिक्त कक्षा-कक्षों का निर्माण किया गया है।
12,500 करोड़ रुपये से बनेंगे नए स्कूल और कक्षा-कक्ष
राजस्थान के सभी 41 जिलों में तकनीकी सर्वे के आधार पर विद्यालयों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगभग 12,500 करोड़ रुपये का तीन वर्षीय रोडमैप तैयार किया गया है।
इस योजना के तहत प्रस्तावित कार्य इस प्रकार हैं:
- नए विद्यालय भवन: 3,587 भवनों के निर्माण पर लगभग 2,487.75 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
- नए कक्षा-कक्ष: 83,783 कक्षा-कक्षों के निर्माण पर लगभग 8,378.30 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
- मेजर रिपेयर: 22,589 विद्यालयों में मरम्मत कार्यों पर लगभग 1,129.45 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
- नए शौचालय: 13,616 नए शौचालय परिसरों के निर्माण पर लगभग 340.40 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
इन कार्यों का उद्देश्य सरकारी स्कूलों में सुरक्षित और सुविधाजनक शैक्षणिक वातावरण तैयार करना है।
डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा, 9,000 स्मार्ट क्लास और 7,000 ICT लैब बनेंगी
आधुनिक शिक्षा व्यवस्था में तकनीक की बढ़ती भूमिका को देखते हुए राजस्थान सरकार डिजिटल सुविधाओं के विस्तार पर भी निवेश कर रही है। इसके तहत लगभग 1,087 करोड़ रुपये की लागत से स्मार्ट क्लास, टैबलेट और आईसीटी लैब स्थापित करने की योजना है।
इस योजना के अंतर्गत:
- 9,000 स्मार्ट क्लास: लगभग 107 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित की जाएंगी।
- 80,000 टैबलेट: विद्यार्थियों को उपलब्ध कराने पर लगभग 100 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
- 7,000 ICT लैब: लगभग 880 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित की जाएंगी।
इन सुविधाओं से सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को डिजिटल माध्यम से पढ़ाई करने, तकनीकी ज्ञान प्राप्त करने और आधुनिक शैक्षणिक संसाधनों तक पहुंच बनाने में मदद मिलेगी।
सरकारी शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने पर सरकार का जोर
- राज्य सरकार का कहना है कि सरकारी विद्यालयों में केवल नामांकन बढ़ाना ही लक्ष्य नहीं है,
- बल्कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, योग्य शिक्षक, सुरक्षित वातावरण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना भी प्राथमिकता है।
- शिक्षक नियुक्तियों से लेकर स्कूलों के आधारभूत ढांचे और डिजिटल शिक्षा तक किए जा
- रहे प्रयासों के जरिए प्रदेश की सरकारी शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।
- आने वाले वर्षों में 12,500 करोड़ रुपये के रोडमैप के तहत प्रस्तावित निर्माण कार्य
- और डिजिटल सुविधाएं सरकारी स्कूलों की तस्वीर बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
अधिक जानकारी के लिए यहां क्लिक करें।
https://education.rajasthan.gov.in/
Edited by – Krishika Agarwal


