Gaonmanch

राव दूदाजी मूर्ति अनावरण समारोह: पाकिस्तान पर बरसे राजनाथ सिंह

गाँव मंच, नागौर/जयपुर, 16 मई। राजस्थान की वीर भूमि सदैव ही राष्ट्र भक्ति और त्याग की प्रेरणा देती रही है। इसी कड़ी में नागौर जिले के मेड़ता में राव दूदाजी मूर्ति अनावरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने देश की सुरक्षा नीति में आए ऐतिहासिक बदलावों को रेखांकित किया और पाकिस्तान को कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि यदि भारत पर नजर उठाने की कोशिश की, तो जो अब तक नहीं हुआ वह होकर रहेगा।

राव दूदाजी मूर्ति अनावरण समारोह मेड़ता नागौर में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस और ‘ऑपरेशन सिंदूर’

रक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक और 2019 की बालाकोट स्ट्राइक के बाद हाल ही में हुए ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से सेना ने दुश्मन के होश उड़ा दिए। उन्होंने कहा:

  • भारत किसी को छेड़ता नहीं है, लेकिन छेड़ने वाले को छोड़ता भी नहीं है।
  • नागरिकों पर हमला हुआ, तो भारत सीमा पार जाकर घर में घुसकर मारेगा।
  • राव दूदाजी का जीवन संकल्प, समर्पण, शक्ति और शौर्य का प्रतीक है, जो नई पीढ़ी को सही दिशा दिखाएगा।

सेना का आधुनिकीकरण और नारी शक्ति का सम्मान

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के नेतृत्व में भारतीय सेनाओं का अभूतपूर्व आधुनिकीकरण हुआ है, जिससे आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को बल मिला है। रक्षा मंत्री ने नारी शक्ति पर बात करते हुए कहा कि महिलाओं का सम्मान भारतीय सभ्यता की आत्मा है। इसी संकल्प के साथ संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ लाया गया है।

महापुरुषों की विरासत को सहेज रही है सरकार

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रदेश की गौरवशाली परंपरा को भावी पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए राज्य सरकार प्रदेशभर में महापुरुषों के पेनोरमा का निर्माण करवा रही है। इनमें प्रमुख हैं:

  1. करौली में श्री महावीर जी पेनोरमा
  2. डीडवाना में भक्त शिरोमणि करमा बाई पेनोरमा
  3. बीकानेर में श्री जसनाथजी पेनोरमा
  4. नागौर के खरनाल में वीर तेजाजी पेनोरमा का विकास कार्य

इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने यमुना जल समझौते, रामजल सेतु लिंक परियोजना और किसानों को दिन में बिजली आपूर्ति जैसी बजट घोषणाओं पर तेजी से हो रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने किसानों से 23 से 25 मई, 2026 को जयपुर में आयोजित होने वाली ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम)-2026 में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

मेड़ता में श्री राव दूदा मेड़तिया जी की अश्वारोही प्रतिमा का अनावरण

केंद्रीय कला, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने भी विचार व्यक्त करते हुए कहा कि लोकनायकों की प्रतिमाओं का लोकार्पण हमारी सोई हुई चेतना को पुनर्जीवित करने का एक माध्यम है। कार्यक्रम के दौरान रक्षा मंत्री ने मीरा बाई के पेनोरमा का अवलोकन किया तथा चारभुजा नाथ एवं मीराबाई मंदिर में दर्शन कर देश की सुख-समृद्धि की कामना की।

नोट:- यह विचार लेखक पत्रकार अंकित तिवारी Ankit Tiwari के है।

Scroll to Top