Gaonmanch

भारत टैक्सी सेवा जयपुर: जून से शुरू होगी सहकारी मॉडल वाली कैब सर्विस

गावं मंच जयपुर, 20 मई। राजस्थान की राजधानी में सफर करने वाले आमजन और टैक्सी चालकों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर है। सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गौतम कुमार दक ने घोषणा की है कि सहकारी मॉडल पर आधारित देश की पहली कैब सर्विस ‘भारत टैक्सी सेवा जयपुर’ में जून माह के प्रथम सप्ताह से शुरू होने जा रही है। यह अभिनव सेवा न केवल यात्रियों को किफायती और सुरक्षित परिवहन का विकल्प देगी, बल्कि ‘सहकार से समृद्धि’ के संकल्प के साथ चालकों (सारथियों) की आर्थिक उन्नति का नया आधार बनेगी।

चार मूल विचारों पर आधारित है ‘भारत टैक्सी’

अपेक्स बैंक सभागार में आयोजित ‘भारत टैक्सी संवाद’ कार्यक्रम में सहकारिता मंत्री ने चालकों से सीधा संवाद किया। उन्होंने बताया कि दिल्ली, मुंबई, लखनऊ और चंडीगढ़ की सफलता के बाद अब इसे पिंक सिटी जयपुर में उतारा जा रहा है। इस अनूठी सेवा के चार मुख्य स्तंभ हैं:

भारत टैक्सी सेवा जयपुर के शुभारंभ को लेकर सहकारिता मंत्री गौतम कुमार दक की बैठक
  1. वास्तविक स्वामित्व: इस टैक्सी सेवा का मालिक कोई बाहरी उद्योगपति या विदेशी कंपनी नहीं, बल्कि स्वयं टैक्सी चलाने वाला चालक (सारथी) होगा।
  2. समान लाभांश वितरण: कंपनी के मुनाफे और लाभांश का समान हिस्सा सीधे चालकों के खातों में जाएगा।
  3. सुरक्षा कवच और सम्मान: चालकों को सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा के साथ-साथ एक उद्यमी के रूप में सम्मानजनक आजीविका मिलेगी।

प्राइवेट कंपनियों के शोषण और हिडन चार्जेस से मुक्ति

सहकारिता मंत्री श्री दक ने कहा कि वर्तमान में संचालित निजी कैब एग्रीगेटर्स की मनमानी पर अंकुश लगाने में यह सेवा गेमचेंजर साबित होगी।

  • अकाउंट ब्लॉक होने पर रोक: भारत टैक्सी में किसी भी सारथी का अकाउंट बिना उचित सुनवाई के एकतरफा बंद नहीं किया जाएगा।
  • जीरो हिडन चार्जेस: चालकों को किसी भी प्रकार के गुप्त शुल्कों (Hidden Charges) से पूरी तरह मुक्ति मिलेगी, जिससे उनकी शुद्ध कमाई में इजाफा होगा।
जयपुर में सहकारी मॉडल पर शुरू होने वाली भारत टैक्सी और चालकों का संवाद कार्यक्रम

“यह बेहद हर्ष का विषय है कि भारत टैक्सी पूरी तरह स्वदेशी सहकारी संस्थाओं द्वारा संचालित होगी। इससे देश का पैसा देश में ही रहेगा और हमारे स्थानीय चालकों को मनमाने सब्सक्रिप्शन चार्जेस से आजादी मिलेगी। राजस्थान इस सहकारी मॉडल को पूरे देश में एक रोल मॉडल के रूप में स्थापित करेगा।” — अभिषेक चारण, सिटी हेड (जयपुर), भारत टैक्सी

इस संवाद कार्यक्रम के दौरान विशिष्ट सहायक डॉ. सूरज सिंह नेगी, अतिरिक्त रजिस्ट्रार भोमाराम, अपेक्स बैंक के प्रबंध निदेशक रणजीत सिंह चूंडावत सहित बड़ी संख्या में टैक्सी चालक और सहकारी समितियों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

राजस्थान में पंचायतों, ग्राम सभाओं और ग्रामीण योजनाओं से जुड़ी ताज़ा खबरें गाँव मंच के पंचायत सेक्शन में भी उपलब्ध हैं।

नोट:- यह विचार लेखक पत्रकार अंकित तिवारी Ankit Tiwari के है।

Scroll to Top