Gaonmanch

जयपुर के वीकेआई में रेड बुल एनर्जी ड्रिंक के गोदाम पर बड़ी कार्रवाई, 53,256 बोतलें सीज

गांव मंच डेस्क, जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के निर्देशन में प्रदेशभर में चलाए जा रहे ‘शुद्ध आहार मिलावट पर वार’ अभियान के तहत मंगलवार को जयपुर के वीकेआई (विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र) में बड़ी कार्रवाई की गई। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग की टीम ने रेड बुल एनर्जी नामक कैफिनेटेड एनर्जी ड्रिंक के गोदाम पर छापा मारकर 53,256 बोतलें (कैन) सीज कर दीं।

अतिरिक्त आयुक्त के नेतृत्व में हुई कार्रवाई

  • खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला ने बताया
  • कि अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह के नेतृत्व में जयपुर मुख्यालय की सेंट्रल टीम
  • ने मेसर्स आदर्श एसोसिएट, ई-7, वीकेआई रोड नंबर-1, जयपुर स्थित गोदाम
  • का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान “रेड बुल एनर्जी” नामक कैफिनेटेड
  • बेवरेज का नमूना खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम (FSS Act) के तहत लिया गया।

FSSAI के दिशा-निर्देशों के उल्लंघन की आशंका

  • संयुक्त आयुक्त डॉ. विजय प्रकाश शर्मा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान पाया गया
  • कि रेड बुल के कैन पर “Energy Drink” और “Vitalizes Body and Mind” जैसे दावे अंकित हैं।
  • विभाग के अनुसार ये दावे भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI)
  • के दिशा-निर्देशों के तहत भ्रामक प्रचार की श्रेणी में आ सकते हैं।

राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए नमूने

  • विभाग ने बताया कि सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
  • जांच रिपोर्ट के आधार पर यदि लेबलिंग या प्रचार संबंधी नियमों का उल्लंघन पाया जाता है
  • तो संबंधित प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

आमजन से सतर्क रहने की अपील

खाद्य सुरक्षा विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे खाद्य उत्पादों पर किए जाने वाले भ्रामक दावों से सावधान रहें। यदि किसी खाद्य उत्पाद को लेकर कोई शिकायत हो तो उसकी जानकारी तुरंत विभाग को उपलब्ध कराएं ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

अधिक जानकारी के लिए यहाँ क्लिक करें

https://www.fssai.gov.in/

https://www.fssai.gov.in/cms/food-safety-and-standards-act.php

Edited by – Riddhima

Scroll to Top