Gaonmanch

India StoneMart 2026, 5–8 फरवरी को जयपुर में आयोजन

गाँव मंच डेस्क जयपुर, 30 जनवरी। राजस्थान की स्टोन इंडस्ट्री को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से इंडिया स्टोनमार्ट 2026 का आयोजन 5 से 8 फरवरी 2026 तक जयपुर एग्ज़िबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (JECC), सीतापुरा में किया जाएगा। उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा कि यह आयोजन प्रदेश के पत्थर उद्योग को प्रोत्साहन देने के साथ-साथ कारीगरों, उद्यमियों और निवेशकों के लिए नए अवसर सृजित करेगा।

इंडिया स्टोनमार्ट 2026 के संबंध में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि राजस्थान देश-विदेश से आने वाले प्रतिभागियों के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है। यह आयोजन रीको, सीडोस और लघु उद्योग भारती के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है, जो नीति संवाद, तकनीक और वैश्विक सहयोग का एक अंतरराष्ट्रीय मंच बनेगा।

13वां संस्करण, अब तक का सबसे भव्य आयोजन

वर्ष 2000 में शुरू हुए इंडिया स्टोनमार्ट का यह 13वां संस्करण है और इसे अब तक का सबसे बड़ा और भव्य आयोजन बताया जा रहा है। इसमें चीन, तुर्की, ईरान, थाईलैंड, इटली सहित कई देशों के प्रदर्शक भाग लेंगे। आयोजन लगभग 25,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में आयोजित होगा, जहां कुल 539 स्टॉल्स लगाए जाएंगे।

ओडीओपी पवैलियन रहेगा विशेष आकर्षण

कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने बताया कि आयोजन में “एक जिला एक उत्पाद (ODOP)” योजना के तहत चयनित स्टोन उत्पादों के प्रदर्शन के लिए एक विशेष पवैलियन बनाया जाएगा। इससे राजस्थान के विशिष्ट पत्थर उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी, निर्यात को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

निवेश और रोजगार के क्षेत्र में नई दिशा

मंत्री ने कहा कि स्पष्ट नेतृत्व और मजबूत नीतियों के कारण राजस्थान को निवेश के क्षेत्र में नई दिशा मिली है। पिछले दो वर्षों में निवेश प्रोत्साहन के लिए कई नई नीतियां और योजनाएं लागू की गई हैं। राइजिंग राजस्थान अभियान के तहत हुए 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू में से 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के समझौतों पर काम शुरू हो चुका है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने पिछले दो वर्षों में सरकारी क्षेत्र में एक लाख से अधिक युवाओं को रोजगार दिया है, जबकि 1.54 लाख पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। निजी क्षेत्र में रोजगार सृजन के लिए निवेश समझौतों को धरातल पर उतारा जा रहा है। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत युवाओं को 10 लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण दिया जाएगा, जिससे एक लाख युवाओं को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है।

आयोजकों और उद्योग प्रतिनिधियों के विचार

इंडिया स्टोनमार्ट के संयोजक नटवर अजमेरा ने बताया कि इंडिया स्टोनमार्ट 2026 अपने इतिहास का सबसे बड़ा संस्करण होगा। पहली बार चीन, तुर्की, ईरान, थाईलैंड, इटली, स्पेन, यूनाइटेड किंगडम और संयुक्त राज्य अमेरिका सहित 8 देशों से प्रदर्शक इसमें भाग ले रहे हैं, जो आयोजन की वैश्विक प्रतिष्ठा को दर्शाता है।

लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय सह महामंत्री नरेश पारीक ने कहा कि इंडिया स्टोनमार्ट 2026 एमएसएमई सेक्टर के लिए एक मजबूत वैश्विक मंच बन चुका है, जहां छोटे और मध्यम उद्यमों को अंतरराष्ट्रीय बाजार, नई तकनीक और निवेशकों से सीधे जुड़ने का अवसर मिलता है।

ग्रामीण गैर कृषि विकास अभिकरण (RUDA) की मैनेजिंग डायरेक्टर मनीषा अरोड़ा ने कहा कि यह आयोजन शहरी विकास, इंफ्रास्ट्रक्चर और डिजाइन इकोसिस्टम को नई दिशा देगा। स्टोन इंडस्ट्री का उपयोग स्मार्ट सिटी, अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर और सस्टेनेबल आर्किटेक्चर में बढ़ाने में यह आयोजन अहम भूमिका निभाएगा।

सीडीओएस के चेयरमैन दीपक अजमेरा ने बताया कि आयोजन में तकनीक, डिजाइन, सस्टेनेबिलिटी और नवाचार पर विशेष फोकस रहेगा। डिजिटल एग्ज़िबिशन ऐप, मल्टी-लैंग्वेज वेबसाइट, अंतरराष्ट्रीय रोडशो, ओडीओपी पवैलियन, स्टूडेंट प्रतियोगिताएं और पॉलिसी डायलॉग इस संस्करण की प्रमुख विशेषताएं होंगी।

लघु उद्योग भारती की राष्ट्रीय सचिव अंजू सिंह ने कहा कि इंडिया स्टोनमार्ट 2026 एमएसएमई सेक्टर को आत्मनिर्भर, प्रतिस्पर्धी और वैश्विक स्तर पर सक्षम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

लघु उद्योग भारती के पूर्व राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष योगेश गौतम ने कहा कि यह आयोजन भारतीय स्टोन उद्योग के लिए नीति, व्यापार और वैश्विक विश्वास का मजबूत संगम है, जिससे निवेश, निर्यात और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

कार्यक्रम की प्रमुख विशेषताएं

  • आयोजन स्थल: जयपुर एग्ज़िबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (JECC), सीतापुरा
  • आयोजन तिथि: 5 से 8 फरवरी 2026
  • 25,000 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में प्रदर्शनी
  • 539 स्टॉल्स के माध्यम से स्टोन, मशीनरी और वैल्यू-एडेड उत्पादों का प्रदर्शन
  • 20 से अधिक देशों से अंतरराष्ट्रीय विज़िटर्स, खरीदार, आर्किटेक्ट्स और डेवलपर्स की सहभागिता
  • जयपुर आर्किटेक्चर फेस्टिवल का आयोजन
  • ग्लोबल स्टोन टेक्नोलॉजी फोरम और नीति संवाद सत्र
  • छात्रों और युवाओं के लिए डिजाइन एवं नवाचार आधारित प्रतियोगिताएं

राजस्थान को वैश्विक स्टोन हब बनाने की दिशा में कदम

प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह स्पष्ट किया गया कि इंडिया स्टोनमार्ट 2026 राजस्थान को केवल प्राकृतिक संसाधनों का राज्य नहीं, बल्कि वैल्यू-ड्रिवन, टेक्नोलॉजी-ओरिएंटेड और वैश्विक रूप से जुड़े स्टोन इंडस्ट्री हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक निर्णायक पहल है। आयोजकों का मानना है कि यह आयोजन प्रदेश की औद्योगिक पहचान को वैश्विक मंच पर और अधिक मजबूत करेगा।

राजस्थान में पंचायतों, ग्राम सभाओं और ग्रामीण योजनाओं से जुड़ी ताज़ा खबरें गाँव मंच के पंचायत सेक्शन में भी उपलब्ध हैं।

Scroll to Top